आगरा। पीएचडी करने आस्ट्रेलिया गये किरावली कस्बे का एक छात्र वहां नस्लीय हमले का शिकार हो गया। छात्र की हालत काफी गंभीर है। परिवार के लोगों को उसकी चिंता हो रही है। वह उससे मिलने के लिए सिडनी जाना चाह रहे हैं, लेकिन वीजा नहीं मिल रहा है। आज परिवारीजनों ने सांसद राजकुमार चाहर से भी जल्द से जल्द वीजा दिलाने की गुहार लगाई है।
किरावली के रहने वाले रामनिवास गर्ग का बेटा शुभम गर्ग ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में एक सितंबर को पीएचडी करने गया है। परिवारीजनों ने बताया कि वह अपने कमरे पर लौट कर जा रहा था तभी वहां नस्लीय हिंसा का शिकार हो गया। शुभम को 11 बार चाकू मारकर अधमरा कर दिया गया है। मामले में पुलिस ने एक युवक की गिरफ्तारी भी की है। परिवारीजनों का कहना है कि शुभम जिंदगी और मौत के बीच में संघर्ष कर रहा है। वह सिडनी में जाकर उसका ख्याल रखना चाहते हैं, लेकिन उन्हें वीजा नहीं मिल रहा है।











