आगरा। पुलिस कमिश्नर के अवैध खनन को लेकर सख्त होने पर आगरा कमिश्नरेट पुलिस के द्वारा सोमवार को अवैध खनन के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई। पुलिस के द्वारा खबर लिखे जाने तक दो दर्जन वाहन सीज किए गए हैं। देर रात तक पुलिस की कार्रवाई जारी थी। इसके अलावा पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर खनन वाले थाना क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए गए हैं।
सोमवार सुबह से पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रीतिंदर सिंह के निर्देश पर खनन पर कार्यवाही शुरू हुई। खबर लिखे जाने तक फतेहपुर सीकरी में तीन वाहन, सैया में 12 वाहन, जगनेर में सात वाहन, खेरागढ़ और खंदौली में दो वाहन मिलाकर 24 वाहन सीज किए गए हैं। खनन विभाग को पुलिस अधिकारियों ने रिपोर्ट भेज दी है। इसके साथ ही अवैध खनन पर प्रभावी कार्यवाही, रोकथाम करने के उद्देश्य से कमिश्नरेट पुलिस द्वारा आगरा के सीमावर्ती राज्यों के बॉर्डर पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

फतेहपुर सीकरी में सात कैमरे, बसई जगनेर में चार कैमरे, सैया में दो कैमरे, जगनेर में 15 कैमरे, खैरागढ़ में पांच कैमरे, इरादत नगर में तीन कैमरे मिलाकर कुल 36 कैमरे लगवाए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया है कि विगत तीन माह में खनन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए पुलिस द्वारा कुल 185 वाहनों को सीज किया गया है। 45 अभियोग पंजीकृत किए गए हैं। 40 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।











