आगरा। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत चौथे चरण के अंतिम दिवस पर सोमवार को कर्नल ब्राइटलैंड स्कूल में पुलिस अधिकारियों ने छात्र- छात्राओं को महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण संबंधी जानकारी दी। इसके साथ ही यह भी बताया कि वह साइबर अपराध से कैसे सावधान रहें।
काफी समय से मिशन शक्ति अभियान के तहत हर थाना क्षेत्र की गली-गली और स्कूलों में जाकर महिला पुलिस कर्मियों द्वारा छात्राओं व महिलाओं को महिला संबंधी हेल्पलाइन नंबरों से जागरूक किया जा रहा है। सोमवार को पुलिस अपर उपायुक्त अपराध राजीव कुमार सिंह, एसीपी लोहामंडी दीक्षा सिंह, एंटी रोमियो प्रभारी रंजना गुप्ता कर्नल ब्राइटलैंड स्कूल में पहुचीं यहां पर छात्राओं की बड़ी संख्या में भीड़ थी। एसीपी लोहामंडी दीक्षा सिंह ने सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाएं जैसे महिला पेंशन योजना, वृद्धा पेंशन योजना, सामूहिक विवाह योजना, कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री राष्ट्रीय पोषण मिशन, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930,112,1090, 1076,1098 ,108, 181 की जानकारी दी। एंटी रोमियो प्रभारी रंजना गुप्ता द्वारा महिला सशक्तिकरण के संबंध में अवगत कराया गया। इंस्पेक्टर रंजना सचान के द्वारा बताया गया कि साइबर संबंधी अपराध से छात्राएं कैसे बचें। इंस्पेक्टर देवेंद्र शंकर पांडे, पर्यटन थाना प्रभारी रीना चौधरी और थानाध्यक्ष महिला थाना डेजी पवार के द्वारा भी छात्राओं का मार्गदर्शन किया गया। पुलिसकर्मियों द्वारा लगाई गई कार्यशाला से सभी छात्र छात्राएं लाभान्वित हुए। महिला अधिकारियों को देखकर छात्राओं ने कहा कि वह भी भविष्य में पुलिस अधिकारी बनकर देश की सेवा करेंगी।












