आगरा। सिकंदरा क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला द्वारा कुछ लोगों के जुआ खेलने का विरोध करने पर उन्होंने देर रात चाकू से उसका गला रेत दिया। वृद्धा ने घायल अवस्था में हमलावर को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वो भाग निकला। वृद्धा को गंभीर हालत में एसएन मेडिकल कालेज में भर्ती है।
राहुल नगर, लाल मस्जिद के निकट रहने वाली अमीरी देवी कारगिल रोड पर ओवर ब्रिज के नीचे इंडस्ट्रियल एरिया रोड पर चाय की ठेल चलाती हैं, उनके साथ उनकी तलाकशुदा बेटी मोनी देई भी ठेल संभालती है। अमीरी के तीन बेटे हैं और वो अपने छोटे बेटे तेज सिंह और बेटी के साथ रहती हैं। बेटी ने बताया कि कुछ दिन पहले उन्होंने अपना मकान खाली किया है। भाई को भी बुखार आ गया था। ऐसे में मां ठेल पर ही सो गई। देर रात अज्ञात व्यक्ति ने चाकू से उनका गला रेत दिया। घायल अमीरी ने घायल अवस्था में युवक को पकड़ने का प्रयास किया पर सफल नहीं हो पाई। इसके बाद अमीरी घायल अवस्था में पास ही एक परिचित महिला के घर पहुंची और दरवाजा खटखटा कर मदद मांगी। परिचित ने घायल अमीरी के परिजनों और पुलिस को जानकारी दी। महिला को गंभीर अवस्था में एसएन मेडिकल में भर्ती कराया गया है। घायल के पुत्र तेज सिंह ने बताया की मां ने ठेल के पास जुएं की फड़ लगाने वाले असामाजिक लोगों का विरोध किया था। इसी रंजिश में अज्ञात बदमाश ने घटना को अंजाम दिया है। आरोपी का चाकू ठेल के पास पड़ा मिला है।











