आगरा। शनिवार सुबह रामबाग से आवलखेड़ा जा रही एक महिला और उसके भतीजे को ऑटो सवार बदमाशों ने चाकू व पेचकस की नोक पर लूट लिया। लूट की सूचना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस के द्वारा बदमाशों का सुराग लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं
सावित्री देवी पत्नी दयानंद सिसोदिया निवासी आवलखेड़ा अपने भतीजे सुनील के साथ अपने मायके फतेहपुर से ट्रेन द्वारा टुंडला पहुंचीं थीं। रात करीब दो बजे उतरने के बाद दोनों बस से रामबाग पहुंचे। वहां से आवलखेड़ा जाने के लिए उन्होंने एक ऑटो पकड़ा। दोनों के मुताबिक ऑटो में पहले से ही एक व्यक्ति बैठा हुआ था। जैसे ही ऑटो रामदास कोल्ड स्टोरज के पास पहुंचा, चालक ने वाहन को आविदगढ़-खंदौली की ओर सुनसान रास्ते में मोड़ दिया। इसी दौरान चालक और उसके साथी ने चाकू व पेचकस निकालकर सावित्री देवी व भतीजे सुनील को धमकाया और उनके पास मौजूद जेवरात सोने की अंगूठी दो एक चैन एवं कान के वाले और दो हजार रुपए नगद व सुनील से 6 हजार रुपए की नकदी लूट ली। लूट करने के बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई और बदमाशों का सुराग लगाने में जुटी हुई है।











