आगरा। उत्तर प्रदेश में विधानसभा 2027 में दलित वोट बैंक को रिझाने को लेकर आगरा में समाजवादी पार्टी के द्वारा दलित सम्मेलन करने के बाद रविवार को भाजपा ने भी जीआईसी मैदान में भाजपा की समरसता महासभा की। संत शिरोमणि श्री रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर निकाली जा रही समरसता संकल्प यात्रा के आगरा पहुंचने पर भाजपा ने बड़े आयोजन की तैयारी की थी। मंच सजा, बड़े नेताओं और मंत्रियों का जमावड़ा लगा, बैठने के लिए मैदान में कई ब्लॉक बनाए गए, लेकिन जब सभा शुरू हुई तो तस्वीर उम्मीदों से अलग नजर आई। कार्यक्रम समाप्त होने तक भारी संख्या में कुर्सियां खाली पड़ी रही।
भाजपा ब्रज क्षेत्र की ओर से इस महासभा को बड़े आयोजन के रूप में प्रचारित किया गया था। मैदान में करीब 8 से 10 ब्लॉक बनाए गए थे, ताकि बड़ी संख्या में आने वाले लोगों को बैठाया जा सके। लेकिन कई ब्लॉक में लोगों की मौजूदगी बेहद कम रही। खाली कुर्सियों की तस्वीरें यह सवाल खड़ा करती रहीं कि आखिर संगठन की तमाम तैयारियों और बड़े नेताओं की मौजूदगी के बावजूद अपेक्षित भीड़ क्यों नहीं जुट पाई? राजनीतिक रूप से इस आयोजन की अहमियत इसलिए भी अधिक थी, क्योंकि महज 15 दिन पहले इसी जीआईसी मैदान में समाजवादी पार्टी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश का दलित महासम्मेलन आयोजित किया था। ऐसे में भाजपा की महासभा को सपा के शक्ति प्रदर्शन के जवाब के रूप में भी देखा जा रहा था। लेकिन भीड़ के लिहाज से भाजपा का आयोजन सपा के सम्मेलन के मुकाबले कमजोर नजर आया। समरसता संकल्प यात्रा के आगरा पहुंचने पर आयोजित महासभा में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद शिवेश कुमार राम तथा उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री असीम अरुण संत रविदास महाराज की पवित्र चरण पादुकाएं लेकर जीआईसी मैदान पहुंचे। मंच पर केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य, योगेंद्र उपाध्याय सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। प्रदेश और केंद्र सरकार में प्रतिनिधित्व रखने वाले नेताओं की मौजूदगी से कार्यक्रम को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बनाने की कोशिश की गई। इसके बावजूद मैदान में खाली कुर्सियों का दिखाई देना आयोजन की सबसे बड़ी चर्चा बन गया। सवाल यह भी उठा कि यदि संगठन के बूथ स्तर से लेकर महानगर, जिला, ब्रज क्षेत्र और प्रदेश स्तर के पदाधिकारी बड़ी संख्या में पहुंचते तो शायद मैदान की तस्वीर कुछ अलग होती। स्थानीय संगठन के लिए यह आयोजन जनसंपर्क और शक्ति प्रदर्शन का बड़ा अवसर था, लेकिन भीड़ की तस्वीरों ने इन दावों की कसौटी पर कई सवाल खड़े कर दिए।











