आगरा। आगरा कॉलेज के खेल मैदान में मेट्रो निर्माण को लेकर गुरुवार को कॉलेज के छात्र-छात्राओं और कॉलेज प्रशासन ने मेट्रो के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। करीब एक हजार छात्र सड़क पर उतर आए और कॉलेज परिसर से मुख्य मार्ग तक मार्च निकालकर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान छात्रों का आक्रोश इतना बढ़ गया कि वे रेलिंग तोड़कर खेल मैदान में घुस गए और वहां सेल्फी लेने लगे। करीब ढाई घंटे तक चले इस विरोध प्रदर्शन से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और जाम खुलवाने के लिए पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा।
छात्रों का आरोप है कि आगरा मेट्रो निर्धारित स्थल से हटकर कॉलेज की जमीन पर निर्माण कार्य कर रही है। इससे कॉलेज की संपत्ति को नुकसान पहुंच रहा है। सबसे ज्यादा असर कॉलेज के हॉकी और क्रिकेट मैदान पर पड़ा है। छात्रों का कहना है कि पिछले तीन वर्षों से मेट्रो निर्माण के चलते कॉलेज में खेल प्रतियोगिताएं आयोजित नहीं हो पा रही हैं। खेलकूद से जुड़े विद्यार्थियों को अभ्यास के लिए दूसरे स्थानों पर जाना पड़ रहा है। विरोध प्रदर्शन की शुरुआत कॉलेज परिसर से हुई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एकत्र हो गए। हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर उन्होंने मुख्य मार्ग तक मार्च निकाला। इस दौरान मेट्रो के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। छात्र ‘मेट्रो तेरी तानाशाही नहीं चलेगी’ और ‘कॉलेज प्रशासन जिंदाबाद’ जैसे नारे लगाते रहे। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने मैदान की रेलिंग तोड़ दी और अंदर पहुंच गए। मैदान में पहुंचकर उन्होंने सेल्फी भी ली। इसके बाद छात्र-छात्राओं का हुजूम मेट्रो स्टेशन के अंदर पहुंच गया। स्टेशन परिसर में भी काफी देर तक नारेबाजी होती रही। छात्रों का कहना था कि जब तक कॉलेज का स्पोर्ट्स ग्राउंड वापस नहीं मिलता, उनका आंदोलन समाप्त नहीं होगा। छात्रों ने बताया कि आगरा कॉलेज का खेल मैदान केवल जमीन का टुकड़ा नहीं, बल्कि हजारों विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा और व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां क्रिकेट, हॉकी समेत कई खेल गतिविधियां संचालित होती रही हैं। मेट्रो निर्माण के कारण मैदान प्रभावित होने से खेल गतिविधियां ठप हो गई हैं। छात्रों का आरोप है कि पिछले तीन वर्षों से कॉलेज में कोई बड़ा खेल आयोजन नहीं हो पाया है। स्पोर्ट्स से जुड़े विद्यार्थियों को अभ्यास और खेल गतिविधियों के लिए दूसरे मैदानों का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे उनकी तैयारी और प्रदर्शन पर भी असर पड़ रहा है।कॉलेज में करीब 10 हजार विद्यार्थी पढ़ते हैं। छात्रों का कहना है कि मैदान का इस्तेमाल केवल खिलाड़ियों तक सीमित नहीं है, बल्कि कॉलेज की सामूहिक गतिविधियों और आयोजनों के लिए भी होता है। ऐसे में खेल मैदान को प्रभावित करना विद्यार्थियों के हितों के खिलाफ है। प्रदर्शन में कॉलेज के शिक्षकों ने भी मेट्रो निर्माण को लेकर नाराजगी जताई।











