आगरा। जगनेर थाना क्षेत्र में एक दलित दूल्हे को पीटने का आरोप है। आरोप है कि डीजे बंद कराने को लेकर शुरू हुए विवाद में 20 से 25 लोगों ने बारात को घेर लिया और दूल्हे के साथ मारपीट की। हमलावरों ने दूल्हे को घोड़ी से नीचे गिरा दिया और उसके साथ मारपीट की। इस दौरान बारात में शामिल लोगों के साथ भी मारपीट की गई।
सुरेंद्र सिंह पुत्र घमंडी निवासी नगला वीरवान के मुताबिक बारात के दौरान डीजे बजाने को लेकर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई। इसी बात पर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि देखते ही देखते कान्हा पुत्र प्रेमवीर, शिवम पुत्र योगेंद्र, भीकम पुत्र नबाब, सचिन पुत्र नगीना, पंकज, सुमित, सत्यम और नंदी समेत 20 से 25 अज्ञात लोग मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने एकजुट होकर बारात को घेर लिया और दूल्हे के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने दूल्हे को घोड़ी से नीचे गिरा दिया और उसके साथ मारपीट की। अचानक हुए हमले से बारात में शामिल लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। पीड़ित परिवार ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान दूल्हे को जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया गया। परिवार का यह भी आरोप है कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर को लेकर अभद्रता की गई। इससे विवाद और बढ़ गया। शिकायतकर्ता के अनुसार हमलावरों ने बारात में शामिल दलित परिवार के अन्य लोगों को भी निशाना बनाया। महिलाओं के साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के दौरान शादी समारोह का माहौल तनावपूर्ण हो गया और परिवार के लोगों में दहशत फैल गई। थाने में तहरीर में कान्हा पुत्र प्रेमवीर, शिवम पुत्र योगेंद्र, भीकम पुत्र नबाब, सचिन पुत्र नगीना, पंकज, सुमित, सत्यम और नंदी समेत 20-25 अज्ञात लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उन्हें कानून के दायरे में लाने की मांग की है।











