आगरा। आगरा मंडल में औद्योगिक विकास और निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने के साथ उद्यमियों की समस्याओं के समाधान को लेकर मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। आयुक्त सभागार में उनकी अध्यक्षता में आयोजित मंडलीय उद्योग बंधु समिति की बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों में जलभराव, खराब ड्रेनेज सिस्टम, बिजली आपूर्ति, सड़कों, पार्किंग और रखरखाव जैसी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में बताया गया कि मंडल में करीब 568 एमओयू ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (जीबीसी) के लिए तैयार हैं, जिनमें से लगभग 443 औद्योगिक इकाइयां क्रियाशील हो चुकी हैं।
बैठक में मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, ओडीओपी वित्त पोषण सहायता योजना और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने जिन जिलों में योजनाओं की प्रगति धीमी है, वहां स्वीकृति और ऋण वितरण की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण करें और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें। बैठक में निवेश प्रस्तावों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि मंडल में लगभग 568 एमओयू ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के लिए तैयार हैं। इनमें से करीब 443 इकाइयां क्रियाशील हो चुकी हैं। निवेश प्रस्तावों को वास्तविक औद्योगिक गतिविधियों में बदलने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण प्रगति बताया गया। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना की समीक्षा में सामने आया कि चालू वित्तीय वर्ष में मंडल ने लक्ष्य के सापेक्ष लगभग 74 प्रतिशत स्वीकृति और 61 प्रतिशत वितरण की प्रगति हासिल की है। मंडलायुक्त ने शेष लक्ष्य को पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों को तेजी से काम करने के निर्देश दिए। ओडीओपी वित्त पोषण सहायता योजना में मंडल ने निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति की है। हालांकि, फिरोजाबाद में अन्य जिलों की अपेक्षा ऋण वितरण की प्रगति कम पाई गई। इस पर मंडलायुक्त ने वितरण की रफ्तार बढ़ाने को कहा। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत मथुरा और फिरोजाबाद में आवेदन स्वीकृति तथा ऋण वितरण की प्रगति सुधारने के निर्देश भी दिए गए। सिकंदरा औद्योगिक क्षेत्र में पहले से निर्मित स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम के बावजूद जल निकासी की समस्या बनी हुई है। बैठक में बताया गया कि आरसीसी नाले के निर्माण के लिए पेड़ों के पातन की एनओसी नहीं मिल पाई है। इस पर मंडलायुक्त ने मुख्य अभियंता नगर निगम को उद्यमियों के साथ मौके पर जाकर निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि पेड़ों को काटे बिना नाले का निर्माण संभव है तो उसकी संभावनाओं की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। इससे जल निकासी की समस्या का समाधान पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए बिना किया जा सकेगा। फाउंड्री नगर औद्योगिक क्षेत्र में पार्क के सौंदर्यीकरण और फुटपाथ निर्माण का प्रस्ताव शासन स्तर पर आगणन स्वीकृति के लिए लंबित है। मंडलायुक्त ने मुख्यालय से पत्राचार कर जल्द स्वीकृति प्राप्त करने और विभागीय स्तर से कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। वहीं, नुनिहाई औद्योगिक क्षेत्र में जल निकासी की समस्या पर नगर निगम की ओर से आगणन तैयार कर टेंडर प्रक्रिया शुरू किए जाने की जानकारी दी गई। मंडलायुक्त ने उपायुक्त उद्योग को रेलवे विभाग को वे-लीव शुल्क जमा कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। गलीचा बिरई प्रशिक्षण योजना के धीमे कार्य में भी तेजी लाने के निर्देश दिए।










