आगरा। एत्मादपुर में आकाश आनंद की जनसभा के जरिए बसपा ने 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों का संदेश दिया। वही एत्मादपुर से सर्वेश बघेल को प्रत्याशी घोषित कर बसपा ने चुनावी गतिविधियों को गति देने का संकेत दिया।
जनसभा के मंच पर आकाश आनंद के लिए अपनाया गया प्रोटोकॉल भी राजनीतिक चर्चा का विषय रहा। मंच की पहली पंक्ति में उनके लिए अलग से एक सोफा लगाया गया था, जबकि अन्य पदाधिकारियों और अतिथियों के बैठने के लिए पीछे कुर्सियों की व्यवस्था की गई थी। यह वही व्यवस्था थी, जो आमतौर पर बसपा सुप्रीमो मायावती की जनसभाओं में दिखाई देती है। इस व्यवस्था को आकाश आनंद के बढ़ते राजनीतिक कद और पार्टी में उनकी भूमिका के संकेत के रूप में भी देखा गया। जनसभा का पूरा फोकस 2027 के विधानसभा चुनाव, बसपा के परंपरागत दलित वोट बैंक की वापसी और मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने की अपील पर रहा। आकाश आनंद ने अपने भाषण में सत्ता में भागीदारी को बहुजन समाज का अधिकार बताते हुए कहा कि अब केवल राजनीतिक दलों के आश्वासन और घोषणाओं के भरोसे नहीं रहना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारी में जुटने और गांव-गांव तक पार्टी का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया। आकाश आनंद ने अपने भाषण में सत्ता में भागीदारी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज के लोग पिछले 70 वर्षों से सत्ता में अपनी बारी आने का इंतजार कर रहे हैं। बार-बार उन्हें आश्वासन दिया गया कि उनका नंबर आएगा, लेकिन अब इंतजार करने का समय खत्म हो चुका है। उन्होंने कहा, “इस बार सत्ता की चाबी नहीं मिली तो लात मारकर दरवाजा खोलेंगे और सत्ता में बैठेंगे।” उनके इस बयान को बसपा के आगामी चुनावी अभियान में सत्ता में हिस्सेदारी और राजनीतिक अधिकार के मुद्दे को केंद्र में रखने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक तरफ ऐसी राजनीति है, जो लोगों को कतार में खड़ा रखना चाहती है, जबकि बसपा लोगों को अपने पैरों पर खड़ा देखना चाहती है। मायावती का संदेश भी यही है कि यदि समाज को वास्तविक रूप से मालिक बनना है तो सत्ता की मास्टर चाबी अपने हाथ में लेनी होगी। आगरा की राजनीतिक और सामाजिक पहचान को अपने भाषण का हिस्सा बनाते हुए आकाश आनंद ने भाजपा और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा को अयोध्या से प्रेम है, समाजवादी पार्टी को इटावा और सैफई से इश्क है, जबकि बहुजन समाज पार्टी को आगरा से मोहब्बत है। उन्होंने कहा कि आगरा ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान के साथ दलित राजनीति का भी महत्वपूर्ण केंद्र है। बसपा की राजनीति में इस शहर की अहम भूमिका रही है। आकाश ने आरोप लगाया कि भाजपा और सपा की सरकारों ने आगरा के विकास और यहां के बुनियादी मुद्दों पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय कुछ लोग गुजरात से आएंगे, कुछ मठ से बाहर निकलेंगे और कुछ सैफई छोड़कर आगरा पहुंचेंगे। उनका इशारा भाजपा और सपा के शीर्ष नेतृत्व की ओर था। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ऐसे राजनीतिक संदेशों और चुनावी वादों से प्रभावित नहीं होने की अपील की।आकाश आनंद ने समाजवादी पार्टी को भी अपने भाषण में निशाने पर रखा। सपा के दलित सम्मेलन में प्रोफेसर रामगोपाल यादव की ओर से लोगों के लिए की गई कथित टिप्पणी को लेकर उन्होंने पलटवार किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सपा ने सम्मेलन के लिए पूरी तैयारी की थी। मंच सजाया गया, स्क्रिप्ट लिखी गई, हीरो तैयार था और मीडिया को भी बुलाया गया था, लेकिन साइड एक्टर ने गलत डायलॉग बोल दिया।










