आगरा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की सियासी बिसात बिछने लगी है। कांग्रेस ने आगरा से चुनावी अभियान का शंखनाद करते हुए शनिवार को बड़ी रैली के जरिए ब्रज क्षेत्र में अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की कोशिश की। रैली में आगरा के साथ मथुरा, फिरोजाबाद और प्रदेश के अन्य हिस्सों से कार्यकर्ता पहुंचे। मंच से प्रदेश की भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, महंगाई, किसानों, मजदूरों, उद्योगों और लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों पर हमला बोला गया। साथ ही कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में जुटने का संदेश दिया।
रैली में उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मोना मिश्रा और ब्रज जोन प्रभारी कुणाल चौधरी ने एक मंच से पार्टी की चुनावी रणनीति और राजनीतिक एजेंडे को सामने रखा। कांग्रेस के इस कार्यक्रम को केवल कार्यकर्ता सम्मेलन तक सीमित नहीं माना जा रहा, बल्कि आगरा और ब्रज क्षेत्र में संगठन को सक्रिय करने तथा 2027 के चुनाव से पहले पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। कांग्रेस की रैली में आगरा ग्रामीण और खेरागढ़ विधानसभा क्षेत्र को विशेष रूप से केंद्र में रखा गया। इन दोनों सीटों पर पार्टी की नजर ग्रामीण मतदाताओं, दलित समाज, किसानों, मजदूरों और स्थानीय मुद्दों से जुड़े वोट बैंक पर है। कांग्रेस नेताओं के भाषणों से साफ संकेत मिला कि पार्टी इन क्षेत्रों में सामाजिक समीकरणों को साधने और अपने पुराने राजनीतिक आधार को दोबारा मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। दलित मतदाताओं को जोड़ना कांग्रेस की रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा दिखाई दिया। पार्टी का आकलन है कि यदि दलित समाज के मतदाताओं का समर्थन एकजुट होकर कांग्रेस के पक्ष में आता है, तो आगरा ग्रामीण और खैरागढ़ जैसी सीटों पर चुनावी मुकाबले की तस्वीर बदल सकती है। ग्रामीण क्षेत्रों में किसान, मजदूर, बेरोजगार युवा और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के मुद्दों को उठाकर पार्टी अपने लिए नए अवसर तलाश रही है। आगरा कांग्रेस कमेटी की ओर से जिले की नौ विधानसभा सीटों में से पांच सीटों पर कांग्रेस की दावेदारी की बात भी उठाई गई। यह मांग संकेत देती है कि पार्टी आगामी चुनाव में केवल गठबंधन या सीमित सीटों तक सिमटने के बजाय आगरा में अपने राजनीतिक विस्तार की महत्वाकांक्षा रखती है। रैली में रामनाथ सिकरवार ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए भाजपा को 2027 के विधानसभा चुनाव में हराने का आह्वान किया। उन्होंने भाजपा सरकार पर उत्पीड़न और जनविरोधी नीतियों के आरोप लगाए। ज्ञानेश कुमार का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि उनके कारण देश ही नहीं, आगरा की भी बदनामी हुई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मोना मिश्रा ने आगरा की ऐतिहासिक और कारोबारी पहचान का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस आगरा की विरासत वापस लाने के लिए काम करेगी। उन्होंने कहा कि आगरा प्रसिद्ध शहर है, लेकिन यहां के युवा रोजगार के लिए दूसरे शहरों में जाने और मजदूरी करने को मजबूर हैं।









