आगरा। गोरखपुर मठ को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले बर्खास्त फायरमैन जितेंद्र राठौर का एफएस विश्वविद्यालय ने एलएलबी में लिया प्रवेश निरस्त कर दिया है। बताया जा रहा है उनके आपराधिक इतिहास को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा यह निर्णय लिया गया है।
टूंडला निवासी जितेंद्र राठौर पर एक छात्रा को परेशान करने समेत अन्य मामले विचाराधीन हैं। कुछ माह पूर्व उसने दीवानी में काकरोच बनकर प्रदर्शन किया था। इसके बाद सोशल मीडिया पर चर्चा में आया था। दिल्ली और लखनऊ में भी प्रदर्शन और अधिकारियों के लिए अमर्यादित बातें उसने कही थीं। उसको सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। इसके बाद यूपी 112 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर अभद्रता का ऑडियो सामने आया था। यूपी 112 पर कॉल कर खुद को लारेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए गोरखपुर मठ को उड़ाने की धमकी देने का ऑडियो वायरल हुआ था। जयपुर हाउस निवासी हिंदू युवा वाहिनी के पूर्व संगठन मंत्री मनु महाजन ने पुलिस से शिकायत की थी। जिस पर केस भी दर्ज हुआ है। इधर उसने एफएस विश्वविद्यालय में एलएलबी में प्रवेश ले लिया था। बताया जा रहा है उसके आपराधिक इतिहास को देखते हुए उसका प्रवेश निरस्त कर दिया गया है। जब वह विश्वविद्यालय में फीस जमा करने गया और उसकी फीस नहीं ली गई तो उसने वहां की भी 112 पर शिकायत कर दी। यह ऑडियो भी वायरल हो रहा है।










