आगरा। जगदीशपुरा थाना पुलिस ने वाहन चोरी कर काटकर पार्ट्स बेचने वाले अंतरजनपदीय गैंग का खुलासा किया है। गैंग सुनसान जगहों पर खड़े वाहनों को निशाना बनाता था।
एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया तीन शातिर वाहन चोर गिरफ्तार किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी अरमान, वसीम और आमिर अली अलीगढ़ के रहने वाले हैं। पूछताछ में आरोपियों ने आगरा में कई वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। गैंग का नेटवर्क आगरा के अलावा अलीगढ़ और बुलंदशहर तक फैला हुआ है। पुलिस अब गैंग के अन्य सदस्यों और चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त से जुड़े लोगों की तलाश में जुटी है। गैंग के सदस्य ऐसे स्थानों की रेकी करते थे, जहां वाहन लंबे समय तक सुनसान जगह पर खड़े रहते थे। मौका मिलते ही अलग-अलग चाबियों की मदद से वाहनों का लॉक खोलकर चोरी कर लेते थे। इसके बाद चोरी किए गए वाहनों को ठिकाने पर ले जाकर काट दिया जाता था। वाहनों के उपयोगी पार्ट्स अलग कर बेच दिए जाते थे, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो जाए और गैंग को मोटी कमाई हो सके। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने आवास विकास क्षेत्र से दो स्कूटी चोरी करने की घटनाओं को स्वीकार किया है। इसके अलावा सदर क्षेत्र से बुलेट और फतेहपुर सीकरी से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात भी कबूल की है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के पांच वाहन बरामद किए हैं। इनके साथ वाहनों के पार्ट्स भी मिले हैं, जिनका इस्तेमाल चोरी के वाहनों को काटकर बेचने में किया जाता था। गिरफ्तार आरोपी आमिर कबाड़ी बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, गैंग में शामिल फरार शानू भी कबाड़ी है। गिरफ्तार अरमान का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। उसके खिलाफ पहले से 25 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, वसीम और आमिर के खिलाफ पांच-पांच मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने गैंग के तीन अन्य सदस्यों फैजान, समीर और शानू को भी मामले में आरोपी बनाया है। तीनों अभी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। खुलासे के दौरान इंस्पेक्टर अजय कुमार भी मौजूद रहे।











