आगरा। रविवार को कंगना अपने परिवार के साथ ताजमहल का दीदार करने पहुंचीं। वह ताजमहल की खूबसूरती की कायल हो गईं। कंगना रनौत को ताजमहल में देखकर लोगों की सेल्फी लेने के लिए भी होड़ लग गई।
रविवार शाम करीब तीन बजे कंगना रनौत ने परिवार के साथ ताजमहल परिसर में प्रवेश किया। यहां उन्होंने लगभग 45 मिनट बिताए। इस दौरान उन्होंने स्मारक की खूबसूरती को करीब से निहारा और गाइड से ताजमहल के निर्माण से जुड़े इतिहास तथा इसकी अद्भुत वास्तुकला के बारे में जानकारी ली। ताजमहल की दीवारों और संगमरमर पर की गई बारीक पच्चीकारी ने उनका विशेष ध्यान आकर्षित किया। गाइड ने उन्हें बताया कि किस तरह अलग-अलग रंगों के कीमती पत्थरों को संगमरमर में जड़कर खूबसूरत आकृतियां तैयार की गई हैं। कंगना ने इन कलात्मक बारीकियों को दिलचस्पी के साथ देखा और ताजमहल के निर्माण से जुड़ी जानकारी हासिल की। भ्रमण के दौरान कंगना ने अपने परिवार के साथ स्मारक परिसर में स्थित मशहूर डायना बेंच पर तस्वीरें भी खिंचवाईं। यह वही स्थान है, जहां देश-विदेश से आने वाले पर्यटक ताजमहल को पृष्ठभूमि में रखकर यादगार तस्वीरें लेते हैं। कंगना ने भी यहां परिवार के साथ कुछ खास पल कैमरे में कैद कराए। ताजमहल में कंगना रनौत की मौजूदगी पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन गई। बॉलीवुड अभिनेत्री को अपने बीच देखकर कई पर्यटक उनकी एक झलक पाने के लिए उत्सुक नजर आए। परिसर में उन्हें देखने और तस्वीरें लेने की होड़ सी दिखाई दी। हालांकि कंगना अपने परिवार के साथ ताजमहल भ्रमण का आनंद लेती रहीं। करीब 45 मिनट तक ताजमहल की खूबसूरती और इतिहास को करीब से देखने के बाद शाम लगभग 3:45 बजे कंगना रनौत परिवार सहित स्मारक से रवाना हो गईं। उनके इस दौरे ने रविवार को ताजमहल परिसर में मौजूद पर्यटकों के लिए एक यादगार अनुभव जोड़ दिया।










