आगरा। थाना इरादत नगर क्षेत्र के चंदीपुरा गांव में जमीन पर कब्जेदारी को लेकर दो पक्षों के बीच मंगलवार को जमकर खूनी संघर्ष हो गया। जमीन के विवाद में शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट और हंगामे में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने के साथ फायरिंग की भी बात सामने आई है। इसी दौरान एक महिला को गोली लगने से वह घायल हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। तनावपूर्ण हालात को देखते हुए कई थानों का पुलिस फोर्स मौके पर बुलाना पड़ा।
चंदीपुरा गांव में जमीन पर कब्जेदारी को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। मंगलवार को इसी जमीन को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद ने उग्र रूप ले लिया। दोनों तरफ से लोग एक-दूसरे पर हमलावर हो गए। देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने लगे और गांव में जमकर हंगामा हुआ। इसी संघर्ष के दौरान फायरिंग की भी सूचना सामने आई। इस बीच एक महिला को गोली लग गई। महिला के घायल होने की जानकारी मिलते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। हालांकि, महिला को गोली किसने मारी और किन परिस्थितियों में गोली लगी, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष और महिला को गोली लगने की सूचना मिलते ही थाना इरादत नगर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल महिला को उपचार के लिए आगरा भेजा। घटना की गंभीरता को देखते हुए आसपास के कई थानों का पुलिस फोर्स भी बुला लिया गया। पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर हालात को संभाला और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है। पुलिस का प्रयास है कि विवाद दोबारा न बढ़े और गांव में शांति व्यवस्था बनी रहे। इस घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।










