आगरा। हरीपर्वत क्षेत्र की विजय नगर कालोनी में सोमवार को दिनदहाड़े केमिकल कारोबारी के घर में लूट की वारदात के दौरान उनकी हत्या कर दी गई। पत्नी से भी मारपीट की गई। उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। हैरानी की बात यह है कि विजयनगर पुलिस चौकी से महज 50 मीटर की दूरी पर ही बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया। बदमाश घटना के बाद सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी निकालकर ले गए हैं।
विजय नगर कॉलोनी में केमिकल कारोबारी दिलीप गुप्ता अपने परिवार के साथ रहते थे। सोमवार दोपहर में बदमाश उनके आवास पर घुस आए। केमिकल कारोबारी दिलीप गुप्ता के सिर में प्रहार किया जिससे उन्हें गंभीर चोट आई, उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बदमाशों ने दिलीप गुप्ता की हत्या करने के बाद उनकी पत्नी से भी मारपीट की और लूटपाट कर मौके से फरार हो गए। दिलीप गुप्ता की पत्नी गंभीर घायल हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लूटपाट के दौरान केमिकल कारोबारी की हत्या की जानकारी होते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दो बाइक से चार बदमाश आए थे, उन्होंने घर में घुसते ही मारपीट शुरू कर दी, केमिकल कारोबारी दिलीप गुप्ता ने विरोध किया तो उनके साथ मारपीट की। पुलिस सीसीटीवी की जांच कर रही है। बदमाश अपने साथ डीवीआर ले गए, आस पास के मकानों में लगी सीसीटीवी की जांच की जा रही है। पुलिस को वारदात में कारोबारी के कर्मचारी के शामिल होने की आशंका है।











