आगरा। सोमवार सुबह ताजमहल की पश्चिमी गेट पार्किंग में ढलान पर लुढ़की दिल्ली के नम्बर की गाड़ी ने असम से आए पर्यटकों को चपेट में ले लिया। हादसे में आधा दर्जन पर्यटक घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भिजवाया गया।
असम के सिलचर के तपन देव सोमवार सुबह परिवार के साथ ताजमहल देखने आए थे। सुबह करीब 9:30 बजे सभी लोग पश्चिमी गेट पार्किंग में कैंटीन पर नाश्ता कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई दिल्ली के नम्बर की गाड़ी ने पर्यटकों को अपनी चपेट में ले लिया। इससे वहां अफरातफरी मच गई। पर्यटकों की चीख-पुकार सुनकर अन्य पर्यटक व गाइड सुविधा केंद्र पर बैठे गाइड कैंटीन की ओर दौड़ पड़े। उन्होंने गाड़ी को किसी तरह पीछे कर पर्यटकों को निकाला। पार्किंग स्थित टूरिस्ट फेसिलिटेशन सेंटर से पहुंची एम्बुलेंस से डा. रिंकू बघेल के साथ पर्यटकों को जिला अस्पताल भिजवाया गया। हादसे में जयंती देव के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। बुद्ध देवनाथ के हाथ में चोट लगी है। हादसे में घायल अन्य पर्यटकों में भानु देव, झुमकी देव, पिंकी देवनाथ और मुक्तिधर हैं।











