आगरा। छत्ता थाने के कॉन्स्टेबल के खिलाफ दुष्कर्म, हत्या और एससी-एसटी की धारा में मुकदमा दर्ज हुआ है। जिस युवती का उसके कमरे में शव मिला था, उसके भाई की तहरीर पर यह मुकदमा दर्ज हुआ है। कांस्टेबल अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
छत्ता थाने में तैनात कांस्टेबल राघवेंद्र के कमरे में शुक्रवार को युवती शोभा का शव मिला था। कांस्टेबल शव को हॉस्पिटल में छोड़कर भाग गया था। युवती के स्वजन ने कांस्टेबल पर साजिश के तहत शोभा को कमरे पर बुलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। युवती के पिता ने बताया कि पुत्री करीब चार वर्ष से चिकित्सा के पेशे में है। एक महीने पहले ही वह गुरुग्राम के अस्पताल में नौकरी करने गई थी। पुत्री ने परिवार के लोगों को बताया था कि वह राघवेंद्र से शादी करना चाहती है। राघवेंद्र ने शादी का उससे वायदा भी किया था। कांस्टेबल इसी वर्ष रक्षाबंधन पर हमीरपुर उनके घर पर भी आया था। इधर, एक महीने से वह शादी करने से इन्कार करने लगा था। शोभा से पीछा छुड़ाना चाहता था। गुरुवार को शोभा को फोन करके बहाने से कमरे पर बुलाकर हत्या कर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।











