आगरा। बाह थाने से एक दरोगा की गायब चल रही पिस्टल के मामले में मामला सुर्खियों में आने के बाद दरोगा और सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। अभी तक अधिकारी इस मामले पर पर्दा डाले हुए थे।
बाह थाने के हेड मोहर्रिर वीरेश कुमार का तबादला कानपुर नगर में हो गया है। उनके जाने के बाद अवधेश कुमार हेड मोहर्रिर बने। जब मालखाने के चार्ज हस्तांतरण के दौरान माल का मिलान किया गया तो बटेश्वर चौकी प्रभारी राजाबाबू यादव को आवंटित पिस्टल नहीं मिली, जिससे थाने में खलबली मच गई। पिस्टल गायब होने की जानकारी हेड मोहर्रिर ने थाना प्रभारी को दी, जिस पर छानबीन शुरू की गई। पिस्टल की खोजबीन की गई। मगर, पिस्टल का पता नहीं चला, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच हुआ है। एक सिपाही भी गैर हाजिर चल रहा है बताया जा रहा है पिस्टल उसने ली थी। अधिकारी मामले की जांच में जुटे हुए हैं। डेढ़ महीने से अधिकारी मामले को छुपाए हुए थे। मीडिया में मामला सुर्खियों में आने के बाद दरोगा राज बाबू यादव और सिपाही अमित कुमार को निलंबित कर दिया गया है।











