आगरा। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी दीप्ति शर्मा को उनकी सहेली ने 30 लाख रुपए का चूना लगा दिया है। सदर थाना पुलिस ने दीप्ति शर्मा के भाई सुमित शर्मा की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है ।
दीप्ति शर्मा की आरुषि नाम की युवती से दोस्ती थी। आरुषि आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर जूनियर क्लर्क है। दोनों राजेश्वर मंदिर के पास एक ही फ्लैट में साथ रहती थीं। इसी विश्वास का फायदा उठाते हुए आरुषि और उसके माता-पिता ने कथित रूप से दीप्ति से अलग-अलग समय पर कुल 25 लाख रुपये यह कहकर उधार ले लिए कि वे जल्दी लौटा देंगे। सुमित शर्मा के मुताबिक, दीप्ति के विदेश दौरे के दौरान 22 अप्रैल को आरुषि आगरा में राजेश्वर मंदिर के पास स्थित फ्लैट पर पहुंची और ताला खोलकर सोने-चांदी के आभूषण, 2500 अमेरिकी डॉलर, और कीमती सामान से भरे बैग लेकर चली गई। आरोप है कि उसने फ्लैट का ताला भी बदल दिया। 23 अप्रैल को आरुषि ने फोन कर कहा कि उसे फ्लैट से अपना सामान निकालना है। दीप्ति के निर्देश पर सुमित उसके साथ गया, लेकिन ताला नहीं खुला। फिर आरुषि ने अपनी चाबी से ताला खोला, फ्लैट से दिखावे के लिए कुछ सामान लिया और चली गई। सदर पुलिस ने दीप्ति शर्मा के भाई की शिकायत पर आरुषि गोयल, उसकी मां और पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।











