आगरा। शुक्रवार को सदर के सेवला सराय में चांदी का सिक्का बेचने के बहाने दुकान मे घुसे बदमाशों ने डकैती डालने का प्रयास किया। पिता-पुत्र के भिड़ने पर बदमाशों के हौसले पस्त हो गए। कालोनी वालों को जुटता देख बदमाशों ने तीन तमंचों से ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। दहशत फैलाते हुए ग्वालियर हाईवे की ओर भाग निकले।
सरस्वती विहार कालोनी निवासी श्याम वर्मा की घर में ही खुशी ज्वैलर्स के नाम से सराफा की दुकान है। घर में 15 वर्ष से पत्नी और बेटे-बेटी के साथ रहते हैं। दोपहर डेढ बजे दुकान के काउंटर पर दसवीं में पढ़ने वाला बेटा वंश बैठा था। श्याम वर्मा घर के अंदर काम से गए थे। इसी बीच दो बाइक पर सवार पांच बदमाश वहां आए। तीन युवक दुकान के अंदर पहुंचे। उनके दो साथी सड़क किनारे बाइक स्टार्ट करके खड़े रहे। चांदी का सिक्का बेचने के बहाने दुकान मे घुसे बदमाशों ने हथियारों के बल पर सर्राफ और उनके किशोरवय बेटे को कब्जे में करके दुकान में बने गेट से घर के अंदर घसीटने का प्रयास किया। पिता-पुत्र को बदमाशों से भिड़ता देख कालोनी के लोग जुटने लगे। मगर, बदमाशों के हाथों में तमंचे देख उन्हें पकड़ने का साहस नहीं जुटा सके। इधर बदमाशों ने भी तमंचों से ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। तीन राउंड गोलियां चलाने के बाद तमंचे लहराते हुए बदमाश ग्वालियर हाईवे की ओर भाग निकले।










