आगरा। पुलिस दबिश के दौरान अधिवक्ता की हुई मौत के मामले में अधिवक्ता के परिवार को न्याय दिलाने के लिए अधिवक्ता गुरुवार को कोठी मीना बाजार अनुसूचित मोर्चा के सम्मेलन में आ रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करने के लिए निकल पड़े। पुलिस ने उन्हें कार्यक्रम स्थल से पहले रोक लिया। इस दौरान पुलिस से भी उनकी नोकझोंक हुई।
एक मार्च को अधिवक्ता सुनील शर्मा की आठवीं मंजिल से गिरकर मौत हुई थी। पत्नी सुनीता का आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने उन्हें ऊपर से फेंका था। थानाध्यक्ष राजीव कुमार, चौकी प्रभारी अनुराग सिंह सहित 8-10 पुलिस कर्मियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा भी दर्ज हो गया है। सभी पुलिसकर्मी फरार हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए अधिवक्ता सड़कों पर उतर आए हैं। लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं। बुधवार को मेट्रो रेल का उद्घाटन करने आए मुख्यमंत्री से भी मुलाकात के लिए अधिवक्ता दौड़ पड़े थे लेकिन जब तक मुख्यमंत्री शहर से निकल चुके थे। गुरुवार को मुख्यमंत्री कोठी मीना बाजार में सम्मेलन में फिर से आए। मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी मांगे रखने के लिए अधिवक्ता कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़ रहे थे, उन्हें पहले ही रोक लिया गया। पुलिस ने उन्हें कार्यक्रम स्थल पर नहीं जाने दिया। इधर अधिवक्ताओं ने शनिवार को हो रही लोक अदालत का बहिष्कार करने की भी बात कही है।











