आगरा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश को अलग राज्य बनाने की मांग को लेकर मंगलवार को अधिवक्ताओं के द्वारा दीवानी से लेकर कलेक्ट्रेट तक रथ यात्रा निकाली जा रही थी। इसी दौरान पुलिस से उनकी खींचतान हो गई। इस बीच एक अधिवक्ता बेहोश हो गया। अधिवक्ताओं ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
मंगलवार दोपहर में दीवानी के बाहर भारी संख्या में अधिवक्ता एकत्रित हुए। इसके बाद वहां से रथ यात्रा निकालना शुरू कर दिया गया। पुलिस ने रथ यात्रा को एमजी रोड पर बीच में ही रोक दिया। इस बात पर अधिवक्ता नाराज हो गए और पुलिस से उनकी कहासुनी हो गई। पुलिस के द्वारा रोके जाने पर वह बीच सड़क पर धरने पर बैठ गए। इससे लंबा जाम भी लग गया। पुलिस और वकीलों के बीच खींचतान भी जमकर हुई। इसी दौरान एक अधिवक्ता बेहोश भी हो गया। अधिवक्ताओं का कहना था कि आज घोड़ा गाड़ी के साथ रथ यात्रा निकाली गई है। उनके द्वारा केंद्र सरकार से मांग की जा रही थी कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश को अलग राज्य बनाना जरूरी है। इससे यहां की जनता को लाभ मिलेगा और हाई कोर्ट बेंच की स्थापना भी हो सकेगी।











