आगरा। ताजगंज क्षेत्र के फतेहाबाद रोड पर मनी एक्सचेंजर को गोली मारकर 17 लाख रुपये की विदेशी मुद्रा लूट मामले में पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मास्टरमाइंड सहित तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
13 जून को रात को बंसल नगर में जेआर फॉरेक्स सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के संचालक रचित क्वात्रा को कार में आए बदमाशों ने गोली मार दी थी। बदमाश रचित के हाथ में लगा बैग लूट कर ले गए थे। बैग में करीब 17 लाख रुपए की विदेशी मुद्रा थी। पुलिस बदमाशों को पकड़ने के लिए लंबे समय से प्रयास कर रही थी। डीसीपी सूरज राय ने बताया कि ताजगंज पुलिस ने लूट में शामिल तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बदमाश कृष्णा यादव उर्फ विक्की, वंश गोयल उर्फ काके और विक्रम बेनवाल हैं। तीनों दिल्ली के रहने वाले हैं। पूछताछ में इन्होंने बताया कि सभी जुआ और सट्टा खेलने के आदी हैं। इन पर काफी कर्जा था। देनदार इनसे लगातार तगादा कर रहे थे। ऐसे में इन्होंने लूट की योजना बनाई थी।
डीसीपी सिटी ने बताया कि मनी एक्सचेंजर से लूट की योजना बेहद ही हाईटैक तरीके से तैयार की गई थी, जिससे पुलिस उन तक नहीं पहुंच सके। मास्टरमाइंड ने स्नैपचैट के जरिए दिल्ली के गैंग से संपर्क किया। उसके बाद लूट की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों से पांच लाख की विदेशी मुद्रा, दो चार पहिया वाहन, तमंचे कारतूस और कारतूस के खोखे बरामद किए हैं। वहीं पुलिस अब फरार तीन बदमाशों की तलाश कर रही है। पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रतिंदर सिंह ने खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार का इनाम देने की घोषणा की है। खुलासा करने वाली टीम में इंस्पेक्टर देवेंद्र शंकर पांडे सर्विलेंस प्रभारी अंकुर मलिक, एसओजी प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह, एसआई केवल सिंह आदि शामिल रहे।











