आगरा। शनिवार को आगरा कमिश्नरेट पुलिस ने 140 लोगों के खोए हुए मोबाइल बरामद करके वापस लौटाए। लोगों ने कहा कि दिवाली पर उन्हें उपहार मिल गया है।
डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय ने बताया कि मोबाइल खोने और चोरी हो जाने पर पीड़ित उनके कार्यालय में प्रार्थना पत्र देते हैं। सिटी जोन की एसओजी और सर्विलांस टीम खोए हुए मोबाइल बरामद करने के लगातार प्रयास करती है। दोनों टीमें पिछले करीब ढाई माह से इन मोबाइलों की बरामदगी के प्रयास कर रही थीं। जिन लोगों के मोबाइल थे उनके पास पुलिस ने फोन किए थे। उनसे कहा कि डीसीपी सिटी मिलना चाहते हैं। कई लोग तो घबरा गए। उन्हें लगा पता नहीं क्या हुआ। जब उन्हें बताया गया कि उनका मोबाइल मिल गया है तो लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं था। बरामद मोबाइल की कीमत लगभग 23 लाख रुपये है। सभी लोगों ने डीसीपी से कहा कि साहब आपने दिवाली का बहुत अच्छा उपहार दिया है।











