आगरा। पुलिस कमिश्नर पुलिस की छवि सुधारने के लिए दिन रात काम कर रहे हैं। वहीं मलपुरा थाना पुलिस विभाग की छवि को खराब करने का काम कर रही है। रायता नहीं मिलने पर देर रात पुलिसकर्मियों ने ढाबे पर जमकर उत्पाद मचाया। पुलिस वाले गुंडे बन गए। धमकी दी कि कोई भी वाहन ढाबे के सामने खड़ा नहीं होने देंगे। ढाबा नहीं चलने देंगे। यात्रियों से भरी एक बस के खड़े होने पर चालक के साथ में भी मारपीट की। ढाबा संचालक के द्वारा पुलिस अधिकारियों से शिकायत की जा रही है।
न्यू प्रिंस ढाबे के मालिक मनमोहन गोयल का आरोप है कि देर रात कुछ पुलिसकर्मी चौकी प्रभारी अमन कुमार, एसआई नीतू सिंह के साथ खाना खाने के लिए आए थे। इन्होंने खाने का आर्डर दिया। स्टाफ ने खाना सर्व कर दिया। ढाबे पर स्टाफ कम होने के चलते रायता सर्व नहीं हो सका। इस कारण पुलिसकर्मी आग बबूला हो गए और स्टाफ के साथ में अभद्रता शुरू कर दी। उन्होंने भी पुलिसकर्मियों को काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन वह बोले कि इस ढाबे को बंद कराकर ही मानेंगे। रायता नहीं देने की सजा बहुत बड़ी मिलेगी। ढाबा बंद करने की धमकी देते हुए पुलिसकर्मियों ने बाहर खड़े लोगों से अभद्रता शुरू कर दी। यात्रियों से भरी एक बस में घुसकर चालक के साथ में मारपीट करते हुए यात्रियों से कहा यहां कोई खाना नहीं खाएगा। पुलिस कर्मियों ने अपने साथी पुलिसकर्मियों को भी मौके पर यह कहकर बुला लिया कि आज इस ढाबे को बंद करना है। पीड़ित ढाबा मालिक का कहना है कि उन्होंने थानाध्यक्ष से भी फोन करके शिकायत की लेकिन उन्होंने कोई सुनवाई नहीं की। अगर वह सुनवाई करते तो यह घटना नहीं होती। उन्होंने गुंडई के लिए पुलिसकर्मियों के मनोबल को बढ़ाया है। मामले में एसीपी पूनम सिरोही का कहना है कि उनके संज्ञान में मामला नहीं है। वह जानकारी कर रही हैं।











