आगरा। सट्टा खिलाने का काम करने से मना करने पर पति ने ससुरालियों के साथ मिलकर पत्नी को करंट लगाया। इसके बाद अंजान युवक से पत्नी का एक रात का सौदा कर दिया। बिकने के बाद जब पत्नी युवक के साथ नहीं गई तो आरोपितों ने बुरी तरह पीटने के बाद उसका सर फोड़ दिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पति समेत ससुरालियों पर जानलेवा हमला, दहेज प्रताड़ना समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
डौकी कस्बा के एक गांव की युवती की शादी दो वर्ष पूर्व जगदीशपुरा के अमर पूरा के रहने वाले युवक से हुई थी। आरोप है कि शादी में सात लाख नकद और गहनों के साथ गृहस्थी का पूरा सामान दहेज में दिया गया था। इसके बाद भी बाइक और दो लाख की मांग की जा रही थी। पत्नी का आरोप है कि पति और ससुराल वालों का काम घर पर सट्टा खिलवाना है। वह चाहते थे कि पीड़िता भी यह काम करे पर नशे में आने वाले अराजक तत्वों को देख कर उसे डर लगता था। उसके द्वारा इंकार करने पर पति और ससुरालियों ने करंट लगाया। जैसे तैसे जान बचाने के बाद पति ने उसका सौदा एक आदमी से कर दिया। जब वो अनजान आदमी के साथ गलत काम करने को नहीं तैयार हुई तो मारपीट कर मायके छोड़ दिया।











