आगरा। आज सुबह ताजमहल की पश्चिमी पार्किंग पर फायरिंग करने का आरोपी पुलिस ने सात घंटे के अंदर लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के गिरफ्तार नहीं होने तक पुलिस कमिश्नर लगातार टीमों से अपडेट लेते रहे। इधर आरोपी के गिरफ्तार होने के बाद पता चला कि वह मानसिक रोगी है।
आज सुबह पुलिसकर्मियों ने 500 मीटर के प्रतिबंधित दायरे में प्रवेश करती एक कार को पश्चिमी गेट की पार्किंग पर रोका था। इस पर कार में सवार व्यक्ति ने फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गया। इस घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई थी। सूचना मिलते ही कमिश्नर दीपक कुमार सक्रिय हो गए और अधीनस्थों को आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस जांच में पता चला कि पंकज सिंह, निवासी आजमगढ़, मथुरा और आगरा की यात्रा पर अपने परिवार संग आया था। घटना के बाद वह टैक्सी बदलकर लखनऊ पहुंच गया। उसकी पहचान सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग के जरिए की गई। आगरा पुलिस ने कन्नौज, उन्नाव और लखनऊ पुलिस के साथ समन्वय करते हुए लखनऊ के मानकनगर से उसे गिरफ़्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में उसके परिजनों ने बताया कि पंकज बीते 20 वर्षों से मानसिक रोग से पीड़ित है और उसका लखनऊ में इलाज चल रहा है।











