आगरा। रविवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आगरा में एक कार्यक्रम में शिरकत करने आए थे। उनके आने को लेकर आरबीएस कॉलेज के सामने ट्रैफिक रोक दिया गया। इस दौरान एक महिला ने हंगामा कर दिया जिसका सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है
बताया जा रहा है रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जब एयरपोर्ट से आरबीएस कॉलेज के ऑडिटोरियम के लिए आ रहे थे तब एयरपोर्ट से कालेज तक के रूट पर पुलिस ने ट्रैफिक कुछ समय पहले ही रोक दिया, जिससे खंदारी के पास एक स्थानीय महिला नाराज होकर सड़क पर उग्र हो गई। बोली, नेता जनता के वोट से वीआईपी बनते हैं, उनके आने-जाने पर जनता को ही परेशान होना पड़ता है। महिला ने कहा कि एक घंटे पहले से रास्ता बंद कर दिया गया है, जिससे वह घर में कैद जैसा महसूस कर रही है।डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार और महिला पुलिसकर्मियों ने महिला को समझाने का प्रयास किया, लेकिन महिला ने जवाब दिया कि पांच मिनट कहते-कहते एक घंटा हो चुका है। इसी बीच रक्षा मंत्री का काफिला आ गया और महिला ने काफिले के सामने आने का प्रयास किया। महिला पुलिसकर्मियों ने किसी तरह उसे रोका। हंगामे के दौरान महिला ने कहा कि नेता हमारे वोट से वीआईपी बनते हैं, फिर भी जनता को घंटों रोका जाता है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया है। यह घटना वीआईपी मूवमेंट के दौरान आम जनता की समस्याओं को उजागर करती है।










