आगरा। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) के दूसरे चरण के कारण जिले के कक्षा एक से 12वीं तक के सभी स्कूल शुक्रवार को बंद रहेंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक रविंद्र पाल सिंह तोमर ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूल बंद रहेंगे। इनमें राजकीय और अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के साथ सीबीएसई, आइसीएसई और अन्य बोर्ड के स्कूल भी शामिल हैं। पीईटी के लिए जिले में 49 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक चलेगी।










