आगरा। दीवानी से तारीख कर लौट रही महिला की फतेहाबाद थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई है। महिला की हत्या होने से सनसनी फैल गई है। पुलिस मौके पर पहुंच गई है और हत्यारोपियों की तलाश में जुटी है।
पिनाहट क्षेत्र के रहने वाले चरण सिंह से 14 साल पहले मंजू से शादी हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच में विवाद शुरू हो गया। पत्नी की ओर से पति के खिलाफ आगरा न्यायालय में केस दाखिल किया गया था, जिस संबंध में सुनवाई चल रही थी। शुक्रवार को मंजू न्यायालय में तारीख करके लौट रही थी। दोपहर में फतेहाबाद के सारंगपुर रोड के पास मोटरसाइकिल पर बदमाश आए और गोली मारकर हत्या कर उसके शव को सड़क किनारे झाड़ियां में फेंक दिया। लोगों के द्वारा हत्या की पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। मां ने बेटी के पति पर हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हत्यारे की तलाश में जुटी हुई है।











