आगरा। मंगलवार सुबह वाराणसी से जोधपुर जा रही मरुधर एक्सप्रेस के एसी कोच में महिला यात्री से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि कोच में बैठे युवक ने महिला से छेड़छाड़ की। महिला को छोड़ने गए भाई ने विरोध किया तो युवक के साथियों ने उससे मारपीट कर दी। विवाद होता देख आरोपित युवक को रेलवे पुलिस बल ने पकड़कर जीआरपी को सौंप दे दिया। युवक थाने से चकमा देकर भाग गया। छेड़छाड़ का मामला सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट होने पर सीओ जीआरपी को जांच सौंपी गयी है।
घटना मंगलवार सुबह सवा आठ बजे की है। रकाबगंज के ईदगाह क्षेत्र की रहने वाली महिला जोधपुर जाने के लिए फोर्ट रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी। महिला का वाराणसी से जोधपुर जाने वाली मरुधर के एसी कोच बी-एक में आरक्षण था। महिला के अनुसार वह कोच में पहुंची तो वहां मौजूद युवक ने उस पर फब्ती कसी। छेड़छाड़ करने लगा। जिसका उसे छोड़ने आए भाई ने विरोध किया तो ट्रेन में युवक के साथ मौजूद उसके साथियों ने मारपीट शुरू कर दी। युवकों ने महिला से भी अभद्रता की। मारपीट और हंगामा होने की जानकारी पर आरपीएफ वहां पहुंच गयी। उसने युवक को पकड़कर स्टेशन पर जीआरपी को सौंप दिया। महिला के स्वजन का आरोप है कि उन्होंने आरोपित के विरुद्ध तहरीर दी, लेकिन वहां मौजूद दारोगा ने उन्हें टरका दिया। पुलिस के इस रवैये से आक्रोशित स्वजन ने हंगामा कर दिया। इधर, आरोपित कुछ देर बाद फोर्ट स्टेशन जीआरपी थाने से नाटकीय तरीके से पुलिस को चकमा देकर भाग गया। महिला और उसके स्वजन को पता चला तो उन्होंने हंगामा कर दिया। फोर्ट जीआरपी थाने पर महिला के स्वजन ने पूरे मामले का वीडियो बनाकर मंगलवार दोपहर एक्स पर पोस्ट कर दिया। जिसके बाद जीआरपी अधिकारी हरकत में आए। वहीं, मामले में सीओ जीआरपी राजेश दीक्षित का कहना है कि कोच में प्रारंभिक छानबीन में पता चला है कि कोच में युवक वाराणसी से आ रहे थे। वह फोर्ट स्टेशन पर आपस में मिठाई बांट रहे थे। इसी दौरान एक युवक की कोहनी महिला को लग गयी, उसने माफी मांग ली। विवाद होने पर जीआरपी दोनों पक्ष को उनकी बात सुनने थाने पर लेकर आयी थी। महिला की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गयी है। युवक के थाने भागने और महिला के आरोपों की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिसकर्मियों की लापरवाही पायी जाती है तो उनके विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी।











