आगरा। आगरा कॉलेज में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत स्नातक प्रथम वर्ष के द्वितीय सेमेस्टर में नया पाठ्यक्रम ‘प्राथमिक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य’ विषय पर चल रही दो दिवसीय व्याख्यानमाला पर वक्ताओं ने अपने अपने विचार व्यक्त किए। प्राचार्य डॉ. अनुराग शुक्ला ने कहा कि प्राथमिक उपचार में प्रशिक्षित होना प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक है।
नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. कौस्तुभ साने ने आंखों में होने वाली समस्या के विषय में विस्तार से प्रकाश डाला, उन्होंने बताया कि आंखों में तिनका चले जाना, एसिड चले जाना या गर्म तेल चले जाने पर रोगी का आपात उपचार करना चाहिए और उसके बाद संबंधित चिकित्सक के पास लेकर जाना चाहिए। प्राथमिक उपचार के लिए आवश्यक प्राथमिक किट में आवश्यक सामान की भी जानकारी दी।
द्वितीय सत्र में शारीरिक शिक्षा विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. नीतेश शर्मा ने सीपीआर के बारे में विस्तार से चर्चा करते हुए छात्रों के सम्मुख उसका प्रदर्शन भी किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने हेड इंजरी, हीट स्ट्रोक, सर्प का काटना, अस्थि भांग की स्थिति में आवश्यक प्राथमिक उपचार के बारे में बताया। कार्यक्रम का संचालन डॉ अमित अग्रवाल ने किया। विशेषज्ञों का डा. नीरा शर्मा, डॉ. संध्या मान, डॉ. अमित चौधरी, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. रूपेश दीक्षित ने स्मृति चिन्ह एवं पौधा देकर सम्मान किया। इस अवसर पर डा संध्या यादव, डॉ. आनंद पांडे, डा. उमेश शुक्ला, डॉ. प्रशांत पचौरी, डॉ. आनंद शर्मा आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।











