आगरा। शमसाबाद पुलिस और सर्विलांस ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी की सात मोटरसाइकिल भी बरामद की गई हैं।
एसीपी शमसाबाद गिरीश कुमार ने पत्रकार वार्ता में बताया कि पकड़े गए चोरों का मुख्य तरीका यह था कि वह शादी-पार्टियों और धार्मिक आयोजनों में भीड़ का फायदा उठाकर पार्क की गई बाइकें चोरी कर लेते थे। मुबीन बाइक चुराने में माहिर था जबकि रवि, जो दोपहिया वाहन मरम्मत की दुकान चलाता था, उन बाइकों के पार्ट्स निकालकर अलग-अलग बाइकों में फिट कर देता था, जिससे पहचान मुश्किल हो जाती थी। ये लोग पार्ट्स दूसरों को बेचा भी करते थे। गिरफ्तार मुबीन के खिलाफ पहले से ही आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि चुराई गई बाइक के पार्ट्स किन दुकानों या कबाड़ियों को बेचे गए और कहां-कहां खपाए गए।











