आगरा। कई दिन से लापता चल रहे 12वीं के छात्र की हत्या कर उसके दोस्त ने उसका शव हाथरस में कुएं में फेंक दिया। शव के ऊपर ईंट पत्थर गांजे के पौधे और झाड़ी फेंक दी। शव मिलने के बाद घर में कोहराम मचा हुआ है।
28 जून को सुल्तानगंज पुलिया के रहने वाले देवेंद्र प्रजापति ने पुलिस में शिकायत की थी कि उनका बेटा कुणाल प्रजापति 27 जून को घर से स्कूटी लेकर निकला था। वह वापस नहीं आया तो उन्हें चिंता हुई। कई बार फोन करने पर फोन नहीं उठने पर चिंता और बढ़ गई। देर रात मां के द्वारा फोन करने पर कुणाल से उनकी बात हो गई उसने कहा कि वह अपने दोस्त शुभम के साथ आया है। पता नहीं वह उसे कहां ले जा रहा है, उसने हंसते हुए कहा था पता नहीं यह मुझे मार ना डाले। उसके बाद कहा कि यह मेरा अच्छा दोस्त है। मैं दो घंटे में आ जाऊंगा। अगले दिन तक वापस नहीं आया तो परिजनों ने उसके दोस्त शिवम से बात की। शिवम ने कोई भी जानकारी होने से मना कर दिया और परिवार को गुमराह करता रहा। परिवारीजनों के आरोपों पर पुलिस ने शिवम से पूछताछ की। पूछताछ में पता चला कि उसने हाथरस के सहपऊ में एक कुएं में उसका शव फेंक दिया है। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है।











