आगरा। एत्माउद्दौला थाना पुलिस की उस समय बेचैनी बढ़ गई जब उसे साढे चार साल की बच्ची के उसके परिजनों से गायब होने की सूचना मिली। बच्ची विशेष संप्रदाय के रहने वाली बस्ती के बीच से गायब हुई थी। इसलिए बेचैनी और ज्यादा बढ़ी हुई थी। इंस्पेक्टर देवेंद्र दुबे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरे थाने का फोर्स उसे खोजने के लिए लगा दिया। उनकी मेहनत रंग लाई और दो घंटे के अंदर बच्ची को खोज निकाला गया।
इंस्पेक्टर देवेंद्र दुबे ने बताया रविवार शाम 7:15 बजे एक साढ़े चार साल की बच्ची जिसका नाम पिहू था खेलते खेलते बर्फ खाने वाली गली रामबाग से गायब हो गई। 8:45 बजे तक परिजन उसे तलाशते रहे लेकिन वह नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने थाने में जाकर इंस्पेक्टर देवेंद्र दुबे को सूचना दी। हाल ही में लखनऊ में बालिका के साथ हुई घटना के बाद इंस्पेक्टर ने इस घटना को भी गंभीरता से लिया। वह पूरा फोर्स लेकर वहां पहुंच गए जहां से वह गायब हुई थी। उसके घर के सामने तथा आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे को देखा तो बच्ची पैदल अकेले जाते हुए दिखाई दी। दो घंटे के अंदर हनुमान नगर से बच्ची को बरामद कर लिया गया। पूछने पर उसने बताया कि वह रास्ता भूल गई थी। इसके बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बच्ची के मिलने के बाद पुलिस ने भी राहत की सांस ली।











