आगरा। बॉलीवुड के महानायक धर्मेंद्र के निधन ने पूरे देश को शोक में डुबो दिया है। सोमवार को आई इस दुखद सूचना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र केवल एक सुपरस्टार नहीं, बल्कि भारतीय सिनेमा का ऐसा चमकता अध्याय थे, जिसकी रोशनी पीढ़ियों को दिशा देती रही।
निधन की खबर फैलते ही फिल्म जगत और देशभर में शोक की लहर दौड़ गई। उनके अंतिम संस्कार के लिए विले पार्ले स्थित पवन हंस श्मशान भूमि में भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान देओल परिवार के सभी सदस्य, सनी देओल, बॉबी देओल, ईशा देओल और हेमा मालिनी बेहद भावुक नजर आए। कई सिनेमाई दिग्गजों ने भी पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, धर्मेंद्र को मुखाग्नि उनके बड़े बेटे और अभिनेता सनी देओल ने दी। उनकी मौत को बॉलीवुड के लिए एक युग का अंत बताया जा रहा है, क्योंकि धर्मेंद्र ने अपने करियर में 300 से अधिक फिल्मों में अभिनय कर हिंदी सिनेमा को कई यादगार किरदार दिए और लाखों दिलों पर राज किया। धर्मेंद्र के चाहने वालों और फिल्मी दुनिया के लोगों का कहना है कि उनका जाना भारतीय सिनेमा के सुनहरे दौर को हमेशा के लिए अधूरा कर गया।
सनी, बॉबी के साथ मेरी दुआएं: संजय दत्त
संजय दत्त ने भी आखिरी विदाई देने के बाद ही-मैन को इस तरह याद किया. वो लिखते हैं- कुछ लोग सिर्फ़ आपकी ज़िंदगी में काम नहीं करते वो आपके दिल में रहते हैं। धरम जी उनमें से एक थे। यह एक ऐसा खालीपन है जिसे बताया नहीं जा सकता. मेरी दुआएं सनी, बॉबी और पूरे परिवार के साथ हैं।
दीपिका-रणवीर ने दी ही-मैन को श्रद्धांजलि
बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण और उनके पति रणवीर सिंह ने भी धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि दी। दोनों विले पार्ले से साथ में निकलते हुए दिखाई दिए।
धर्मेंद्र को राहुल गांधी ने दी श्रद्धांजलि
राहुल गांधी ने अभिनेता धर्मेंद्र क निधन पर दुख जताया है. वो लिखते हैं- महान अभिनेता धर्मेंद्र जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। भारतीय कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। सिनेमा में लगभग सात दशकों के उनके अद्वितीय योगदान को हमेशा सम्मान और मोहब्बत के साथ याद रखा जाएगा। धर्मेंद्र जी को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके शोकाकुल परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के साथ हैं।











