आगरा। गुरुवार को विकास भवन में खंड विकास अधिकारियों की समीक्षा बैठक में चार जगह के खंड विकास अधिकारियों के कार्य संतोषजनक नहीं पाए जाने पर सीडीओ ने उनकी फटकार लगाई। इसके साथ ही चेतावनी दी कि अगर उनके विकास खण्ड में आगामी एक सप्ताह में प्रगति संतोषजनक नहीं पाई जाती है तो उनका वेतन आहरित नहीं किया जाएगा।
गुरुवार को विकास भवन में सीडीओ प्रतिभा सिंह ने सभी खंड विकास अधिकारियों की बैठक बुलाई थी। बैठक में उनके तेवर देखकर सभी का पसीना छूट गया। बैठक में फैमिली आईडी की समीक्षा में विकास खण्ड बरोली अहीर, शमसाबाद, बिचपुरी व फतेहाबाद में प्रगति संतोषजनक पाई गई लेकिन विकास खण्ड सैया, बाह, जैतपुरकला व अकोला मे स्थिति खराब पाई गई। कम प्रगति वाले इन खण्ड विकास अधिकारियों को चेतावनी निर्गत करते निर्देश दिये गये कि यदि उनके विकास खण्ड में आगामी एक सप्ताह प्रगति संतोषजनक नहीं पाई जाती है तो उनका वेतन आहरित नहीं किया जाएगा। वृद्धावस्था, विधवा एवं विकलांग पेंशन की समीक्षा के सम्बन्ध में निर्देश दिये गये जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में कैम्प का आयोजन करते हुए पेंशन को छूटे पात्र लाभार्थियों को चिन्हित करते हुए उसकी सूचना गूगल शीट पर प्रतिदिन खण्ड विकास अधिकारी करेंगे। इस कार्य में रुचि न लेने वाले पंचायत सचिव एवं पचायत सहायक के विरुद्ध कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। इसके अतिरिक्त ग्रामीण आवास, मनरेगा, एनआरएलएम, आंगनवाड़ी केंद्र निर्माण, 15 वां वित्त आयोग आदि अन्य योजनाओं की समीक्षा भी की गई।










