आगरा। डॉ. भीमराव आम्बेडकर विश्वविद्यालय में आज सुबह से कॉलेज संचालक हंगामा कर रहे हैं। कॉलेज संचालकों का कहना है कि उनके यहां पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। फिर भी विश्वविद्यालय ने रिपोर्ट में दर्शाया है कि उनके यहां कैमरे नहीं हैं। वह परीक्षा नियंत्रक से बात करने के लिए दोपहर से बैठे हुए हैं। इधर परीक्षा नियंत्रक अपनी सीट से गायब हो गए हैं।
बता दें कि विश्वविद्यालय ने 69 कॉलेजों को इस बार परीक्षा में केंद्र नहीं बनाया है। परीक्षा नियंत्रकों का कहना है कि इन कॉलेजों में सीसीटीवी कैमरे नहीं चले थे। ऐसी रिपोर्ट मिलने पर उन्हें केंद्र नहीं बनाया गया है। इधर आज सुबह बड़ी संख्या में कॉलेज संचालक विश्वविद्यालय में पहुंच गए। कॉलेज संचालकों का कहना था कि विश्वविद्यालय अधिकारी चाहें तो उनके यहां जाकर चेक कर सकते हैं कि कैमरे लगे हैं या नहीं। उनकी कहना है कि जिन-जिन कॉलेजों में कैमरे नहीं थे उनको तो केंद्र बना दिया गया है और जहां कैमरे चल रहे हैं उन्हें केंद्र नहीं बनाया गया है। कॉलेज संचालकों का रात 8 बजे तक विश्वविद्यालय में धरना जारी था। वह परीक्षा नियंत्रक का इंतजार कर रहे थे।
इस मामले में प्रति कुलपति प्रोफेसर अजय तनेजा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उनके पास भी कॉलेज संचालक आए थे। कॉलेज संचालकों का कहना था कि उनके खिलाफ सीधे कार्यवाही कर दी गई है, उनका पक्ष ही नहीं जाना गया है। इस बात के लिए परीक्षा नियंत्रक को कह दिया गया है।











