आगरा। कमला नगर में महिला मित्र के स्वजन की धमकी से दहशत में आए दंत चिकित्सक ने मौत का इंजेक्शन लगाकर अपनी जान दे दी।
कमला नगर एफ ब्लाक के रहने महिपाल सिंह हाइडिल के सेवानिवृत्त अवर अभियंता है। उनके बड़े बेटे पीयूष सिंह ने कानपुर के महाराणा प्रताप मेडिकल कालेज से बीडीएस किया था। कानपुर के कल्याणपुर में इंटर्नशिप कर रहे थे। छोटे भाई आयुष सिंह ने बताया कि वह इंटर्नशिप करके छह महीने पहले घर आ गए थे। पीयूष की तीन वर्ष पहले स्नैप चैट पर गोरखपुर की रहने वाली वैश्य समाज की एक युवती से मित्रता हुई।दोनों एक दूसरे को पसंद करने लगे। महिला मित्र भाई से मिलने के लिए अक्सर लखनऊ बुलाती थी। महिला मित्र के स्वजन को जानकारी होने पर उन्होंने पीयूष को धमकाना शुरू कर दिया। उसकी शादी कहीं और तय कर दी। इसी 25 नवंबर को उसकी शादी है। महिला मित्र के स्वजन पीयूष को मुकदमे में फंसा जेल भिजवाने की लगातार धमकी दे रहे थे। उन्होंने महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 पर कई बार पीयूष और स्वजन की झूठी शिकायत कर दी। वहां से फोन आने पर भाई पीयूष डर गए। पीयूष ने स्वजन के साथ चार दिन पहले थाने जाकर महिला मित्र के स्वजन द्वारा झूठे मुकदमे में फंसाने की आशंका जताते हुए शिकायत की थी। उन्हें लगता था कि उनके कारण वृद्ध पिता भी परेशान हो रहे हैं। भाई आयुष सिंह ने बताया कि शनिवार रात 12 बजे वह प्रथम तल पर बने भाई के कमरे में पहुंचे। पीयूष को उन्होंने फर्श पर पड़ा देखा, पास में सीरिंज और इंजेक्शन की खाली शीशी पड़ी थी। वह पड़ोसियों की मदद से पीयूष को कमला नगर में हृदयम अस्पताल लेकर गए। वहां से एसएन इमरजेंसी रेफर कर दिया गया। एसएन में डाक्टरों द्वारा पीयूष को बिजली के झटके दिए, तब तक देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने पीयूष को मृत घोषित कर दिया। वह शव को घर लेकर आ गए, इसके बाद पुलिस को सूचना दी। स्वजन ने पुलिस को बताया कि दंत चिकित्सक ने अपने सुसाइड नोट में महिला मित्र के स्वजन को जिम्मेदार ठहराया है।











