आगरा। गढ़ी रामी में आज राणा सांगा की जयंती मनाई जा रही है। भारी संख्या में लोग उसमें पहुंच रहे हैं। कार्यक्रम को रक्त स्वाभिमान सम्मेलन का नाम दिया गया है। कार्यक्रम स्थल पर पुलिस के पहुंचने को लेकर लोग आक्रोशित हो गए। उनके द्वारा पुलिस को घेर लिया गया। तलवार डंडे लहराए गए। अपने को घिरता देख पुलिसकर्मी वहां से निकल पड़े। कुछ लोगों ने पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। पुलिस कर्मियों के जाने के बाद लोग शांत हुए। लोगों का कहना है कि पुलिस कार्यक्रम खराब करना चाहती है।
राणा सांगा पर सपा सासंद रामजीलाल सुमन की विवादित टिप्पणी के बाद विवाद छिड़ा हुआ है। रामजीलाल सुमन ने संसद में राणा सांगा को गद्दार बताया था, उन्होंने कहा कि राणा सांगा के निमंत्रण पर बाबर हिंदुस्तान आया था। इब्राहिम लोदी को हराने के लिए राणा सांगा ने बाबर को बुलाया था। सपा सांसद के इस बयान के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। बीजेपी नेताओं, करणी सेना और अन्य संगठन इसका कड़ा विरोध कर रहे हैं। 26 मार्च को करणी सेना ने रामजीलाल सुमन के आवास पर हमला भी किया था। आज गढ़ी रामी में हो रहे रक्त स्वाभिमान सम्मेलन में भारी संख्या में पुलिस फोर्स फ़ोर्स तैनात किया गया है। सांसद सुमन के आवास पर भी भारी पुलिस बल तैनात है। पुलिस ने बवाल से निपटने के लिए रणनीति भी बना रखी है।











