आगरा। भारतीय जनता पार्टी के नए जिलाध्यक्ष और शहरध्यक्ष की प्रदेश के कई जिलों में आज घोषणा हो रही है। आगरा में दोनों नाम की घोषणा हो गई है। जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया और शहर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता को बनाया गया है। दोनों के ही समर्थक उनके घर पर बधाई देने के लिए पहुंच गए हैं। प्रशांत पौनिया का जोरदार स्वागत शुरू हो गया है।
लंबे समय से पूरे प्रदेश में जिला अध्यक्ष शहर अध्यक्ष की सूची का इंतजार हो रहा था। होली से पहले यह जारी नहीं हुई। आज 16 मार्च को जारी करने की बात कही गई। सुबह से लोग नजरें लगाए बैठे थे कि आगरा से किसके नाम की घोषणा होगी। हालांकि शनिवार शाम को अंदरखाने यह कंफर्म हो गया था जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया और शहरध्यक्ष राजकुमार गुप्ता बन रहे हैं। प्रशांत पूनिया जमीन से जुड़े कार्यकर्ता बताए जाते हैं। उन्हें पार्टी में लंबा समय हो गया है। वर्तमान में वह किसान मोर्चा के ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष हैं। प्रशांत पौनिया ने अपना राजनीतिक सफर आगरा कॉलेज से छात्र राजनीति से शुरू किया। इसके बाद वह युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष बन गए। फिर जिले में महामंत्री और उपाध्यक्ष बन गए। इसके बाद वह ब्रज क्षेत्र किसान मोर्चा के अध्यक्ष बन गए थे। प्रशांत पौनिया के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह से अच्छे संबंध बताए जाते हैं। उनके जिलाध्यक्ष बनते ही जयपुर हाउस स्थित आवास पर समर्थकों का तांता लग गया है।











