आगरा। सदर पुलिस की एक चोर से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी और वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने उसके पास से चोरी का माल भी बरामद किया है।
सदर थाना पुलिस जखौता चौराहे पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर उसने जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लग गई। घायल की पहचान प्रभु उर्फ टंगा निवासी रुनकता सिकंदरा के रूप में हुई। पूछताछ में प्रभु ने बताया वह बन्द मकानों के ताले तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है। चोर के कब्जे से चोरी किये हुए एक लाख रुपये, एक तमंचा बरामद किया गया।











