आगरा। जघन्य अपराधियों को सजा दिलाने के लिए ऑपरेशन कनविक्शन चलाया जा रहा है। आगरा पुलिस ने इस अभियान में बीते एक साल में 1148 केसों में 1465 अपराधियों को सजा दिलाई है। सजा दिलाने वाले पुलिसकर्मियों को गुरुवार को एडीजी जोन के द्वारा सम्मानित किया गया।
आगरा पुलिस ने लीगल वॉरियर्स कार्यक्रम का आयोजन किया। मुख्य अतिथि एडीजी जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ, पुलिस कमिश्नर जे रविंद्र गौड़, आईजी रेंज दीपक कुमार रहे। इस कार्यक्रम में अपराधियों को सजा दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि वर्ष 2024 में आगरा पुलिस ने कुल 1148 केस में प्रभावी पैरवी कर अपराधियों को सजा दिलाई है। इसमें एक केस में अपराधी को मृत्युदंड, 120 केस में आजीवन कारावास, 15 केसों में 20 साल की सजा और 50 केस 10 साल की सजा सुनाई गई है। वर्ष 2024 में सबसे ज्यादा सजा दिलाने में आगरा प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा है। कार्यक्रम में एडिशनल सीपी संजीव त्यागी, डीसीपी सिटी सूरज राय, डीसीपी ट्रैफिक अभिषेक अग्रवाल, डीसीपी पश्चिम सोनम कुमार आदि शामिल रहे।












