आगरा। सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष नितेश अग्रवाल के प्रतिष्ठान पर स्टेट जीएसटी की जांच पूरी हो गई है। जांच में बिल और भौतिक माल में अंतर पाया गया है। जीएसटी ने करीब साढे़ 29 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है।
सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष नितेश अग्रवाल का चांदी का कारोबार है। उनके यहां चांदी की पायल सहित अन्य आइटम बनते हैं। मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे जीएसटी की टीम उनकी नमक की मंडी स्थित गद्दी और बेलनगंज में प्रतिष्ठान पर जांच के लिये पहुंची थी। अपर आयुक्त् ग्रेड-1 मारुति शरण पांडे ने बताया कि किसी ने आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत की थी कि नितेश अग्रवाल द्वारा बिना बिल के जेवरों की बिक्री की जा रही है। शिकायत का संज्ञान लेते हुए जांच कराई गई थी। जांच में माल के आय-व्यय और बिल बुकों का मिलान किया गया। लगभग 1946 किलो चांदी के जेवर जिनकी अनुमानिक कीमत करीब 828 लाख रुपए है, कम मिले। इस आधार पर 29.40 लाख रुपए का फाइन लगाया गया है।











