आगरा। शांति वेद इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के सभागार में आयोजित 30वें निःशुल्क ऑपरेशन शिविर के समापन समारोह में क्लब अध्यक्ष सुनील गुप्ता ने जानकारी दी कि इस वर्ष 117 निर्धन मरीजों के सफल ऑपरेशन किए गए हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सा सेवा और मानवीय करुणा से जुड़ा यह प्रकल्प आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
कैंप चेयरपर्सन सीए राकेश अग्रवाल ने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा कर्म और धर्म है और ऐसे सेवा कार्यों से ही सच्चा सुख प्राप्त होता है। डॉ. श्वेतांक प्रकाश ने कहा कि चिकित्सा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का माध्यम है और यह सेवा उनके पिता को सच्ची श्रद्धांजलि है। समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने स्व. डॉ. अजय प्रकाश की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और कहा कि निर्धन एवं जरूरतमंदों के लिए निःशुल्क ऑपरेशन की यह सेवा निसंदेह पुण्य का कार्य है और समाज के लिए प्रेरणादायी है। विशिष्ट अतिथि लायंस क्लब डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन संजीव तोमर और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने भी इस सेवा प्रकल्प की प्रशंसा की।











