आगरा। शुक्रवार सुबह रामबाग पार्क में टहलने के लिए गए 11वीं की एक छात्र की संदिग्ध हालत में मौत हो गई है। पुलिस के द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
सुदामापुरी नराइच नगला धमाली निवासी बृजेश पुत्र स्वर्गीय पुरुषोत्तम 11वीं कक्षा में पढ़ता है। वह रोजाना घर से सुबह करीब चार बजे रामबाग पार्क में टहलने के लिए जाता है। रोजाना की तरह आज भी बृजेश घर से टहलने के लिए कहकर निकला था, लेकिन इस दौरान बृजेश अपना मोबाइल घर पर ही छोड़ गया था। सुबह लोगों ने उसे हनुमान जी के मंदिर के पास बेहोश पड़ा देखा। इसके बाद परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। युवक के बड़े भाई चिंटू ने बताया कि जब वह मौके पर पहुंचा तो उनके भाई के मुंह से कुछ झाग निकल रहे थे। वह उसे अस्पताल में ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि पता नहीं उनके भाई की मौत कैसे हुई है। शरीर पर कोई भी निशान नहीं दिख रहा है।











