आगरा। सहायक पुलिस आयुक्त एत्मादपुर न्यायालय में जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है। बिना पैसे के यहां कोई काम नहीं हो रहा। दलालों का बोलबाला है। यह आरोप लगाते हुए अधिवक्ताओं ने शनिवार को जमकर हंगामा किया। इसके साथ ही कोर्ट बहिष्कार का भी ऐलान किया।
शनिवार को बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय कुमार उपाध्याय की अध्यक्षता में हुई अधिवक्ताओं की बैठक में उन्होंने एसीपी कार्यालय में हो रहे भ्रष्टाचार के खिलाफ मोर्चा खोलने की बात कही। बैठक के बाद सभी अधिवक्ता लामबंद हो गए। सामूहिक रूप से न्यायालय के बहिष्कार का एलान कर दिया गया। संजय कुमार उपाध्याय ने बताया कि एसीपी न्यायालय में शाम को पांच बजे के बाद कार्य होता है। उन्होंने न्यायालय में तैनात कोर्ट मुहर्रिर पर आरोप लगाया कि धारा 107/ 116, 151, 110, 133 व 145 के तहत न्यायालय में जमानत के लिए आये आरोपितों की जमानत दलालों के माध्यम से रुपये लेकर करवाते हैं, जबकि अधिवक्ता का वकालतनामा लगा कर उनकी मौजूदगी में पैरवी होनी चाहिए। शाम पांच बजे तहसील कार्यालय बन्द होने के बाद दूर दराज के होने के चलते अधिवक्ता चले जाते हैं, जिसके बाद कोर्ट मुहर्रिर दलालों के जरिए जमानत कराई जा रही है। सभी अधिवक्ताओं ने एसीपी कार्यालय का अनिश्चित कालीन बहिष्कार का एलान किया है। अधिवक्ताओं ने एसीपी सुकन्या शर्मा का कोर्ट में ना आने का भी आरोप लगाया है। अधिवक्ताओं का कहना है वह आठ बजे आती है। आती भी हैं तो पांच मिनट के लिए आती हैं। अधिवक्ताओं का कहना है कि वे उनकी डीजीपी से शिकायत करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री को भी शिकायत भेज रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान महासचिव मिश्री लाल बघेल, नेमिचन्द्र शर्मा, महेश बघेल, विजेंद्र बघेल, भूपेंद्र बघेल, सचिन बघेल, कुंदन लाल यादव, केपी सिंह, गोवर्धन सिंह, रवेंद्र शर्मा दलवीर सिंह, सतीश चन्द्र, महाराज सिंह, गोपेन्द्र आदि मौजूद रहे।











