आगरा। ताजनगरी में चोरों के हौंसले बुलंद हैं। गुरुवार की रात को चोरों ने पुलिस को चुनौती देते हुए चौकी आंवलखेड़ा के पास स्थित आभूषण की दुकान को निशाना बना डाला। चोर दुकान से लाखों रुपये के आभूषण ले गए। इसके अलावा चोरों ने एक खोखे को भी निशाना बनाया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
आवल खेड़ा में राजेंद्र ज्वेलर्स के नाम से सुशील चौहान की दुकान है। उन्होंने बताया रोजाना की तरह दुकान को बंदकर घर गए थे। सुबह दीपक चौहान दुकान खोलने पहुंचे। दुकान की छत टूटी थी। अन्दर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। दीपक ने दुकान मालिक सुशील चौहान को चोरी की सूचना दी। वे एसीपी एत्मादपुर, थाना प्रभारी बरहन भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने फॉरेंसिंक विभाग की टीम को मौके पर बुलाया। दुकान मालिक ने बताया चोर लगभग 21 लाख रुपये के आभूषण ले गए हैं। इसके अलावा चोरों ने गांव में रखे एक खोखे को निशाना बनाया और यहां से सात हजार रुपये और सामान ले गए हैं। दुकान में हुई चोरी से व्यापारियों में आक्रोश हैं। प्रधान ने बताया कि महीने में कई चोरियां हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस अभी किसी भी चोरी का खुलासा नहीं कर पाई है। पुलिस चौकी पर असामाजिक तत्वों का उठना बैठना लगा रहता है। इधर एसीपी एत्मादपुर सौरभ सिंह ने बताया इस संबंध में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। चोरों की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है।











