आगरा। कमला नगर में पत्नी की हत्या करने वाले पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आया है कि उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। वह खुद भी कुछ कर नहीं रहा था और पत्नी से भी कोठियों में काम करने के लिए मना कर रहा था। पत्नी ने कहा कि तुम कुछ करते नहीं हो। मुझे कुछ करने नहीं दोगे तो जीवन यापन कैसे होगा। इसके बाद उसने पत्नी की हत्या कर दी।
बल्केश्वर के इंद्रा नगर में हेमंत अपनी पत्नी चित्रा के साथ रहते हैं। हेमंत ने अपने पिता को फोन से जानकारी दी कि उसने चित्रा की हत्या कर दी है। पिता ने इस बात की सूचना पुलिस को दी पुलिस मौके पर पहुंची तो घर का ताला लगा हुआ था अंदाजा लगाया जा रहा है कि रात में ही हेमंत ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी थी और वह फरार हो गया था। पड़ोसियों ने बताया कि रात में चित्रा के चीखने की आवाज आ रही थी उन्हें लग रहा था कि हेमंत मारपीट कर रहा होगा। हत्या का उन्हें अंदेशा नहीं था। बताया गया है कि हेमंत की पहली पत्नी की मौत हो चुकी है, जिसके बाद चित्रा से उसका दूसरा विवाह हुआ था। कुछ दिन से हेमंत और चित्रा के बीच विवाद चल रहा था। कुछ दिनों पहले ही दोनों का मामला पुलिस थाने में पहुंचा, जहां समझौते के बाद दोनों साथ-साथ रहने के लिए राजी हो गए थे। देर रात हेमंत ने चित्रा की हत्या कर दी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया है कि उसकी पत्नी कई कोठियों में जाकर काम करती थी, उसे यह बात पसंद नहीं थी, उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। इसलिए उसने उसकी हत्या कर दी।











